.दहेज के नाम पर पीड़िता को प्रताड़ित करने वाले ससुराल वालों के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पीड़िता श्रीमती प्रेरणा लुनिया पति अमन लुनिया की शिकायत पर महिला पुलिस ने आरोपी पति अमन लुनिया, सास श्रीमती सितारा देवी लुनिया, ससुर पूर्व न्यायाधीश अशोक कुमार लुनिया, देवर आयुष लुनिया, अजय बोथरा श्रीमती लता बोथरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि श्रीमती प्रेरणा लुनिया एमएससी बायोटेक की पढ़ाई की है और गृहणी है। उसकी शादी अमन लुनिया निवासी कालिका नगर कवर्धा के साथ 10 जून 2025 को नगपुरा तीर्थ स्थल दुर्ग में संपन्न हुई थी। विवाह में प्रेरणा के माता-पिता ने सभी आवश्यक घरेलू सामान, सोने चांदी के जेवरात सहित,5 लाख रुपए फर्नीचर खरीदने के लिए नगद एवं उपहार में 25000 रुपए नगद दिए थे। शादी के बाद विदा होकर वह अपने ससुराल कालिका नगर कवर्धा चली गई। शादी के 3 दिन बाद से ही उसका पति एवं ससुराल वाले दहेज के नाम पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिए थे। शादी के लगभग 15 दिन बाद पति एवं बड़ा ससुर अजय बोथरा ने 6 लाख रुपए की मांग की थी तब पीड़िता ने अपने पिता से मांग कर उन्हें यह रकम दी थी। ससुराल वाले मन मुताबिक दहेज नहीं मिलने की बात को लेकर उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करते थे। उस पर हमेशा दबाव दिया जाता था कि वह अपने मायके से नगद रकम लेकर आए। कुछ दिन बाद ही उसका ससुर पूर्व न्यायाधीश अशोक कुमार लुनिया उसे मायके से 25 लाख रुपए लाने के लिए दबाव देने लगे। जब पीड़िता ने उनकी इस बात को नहीं मानी तो सभी आरोपी उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का देवर आयुष लुनिया शराब पीकर कमरे में प्रवेश करता था और पीड़िता के साथ मारपीट का कमरे से बाहर निकाल देता था। पीड़िता से घर के बर्तन धुलाये जाते थे। झाड़ू पोछा करवाया जाता था, जूते चप्पल तक साफ करवाए जाते थे। इस दौरान ससुराल वालों ने पीड़िता के सोने चांदी के जेवरात को अपने पास रख लिया था। अत्याचार सहन करने के बाद जब पीड़िता अपने मायके से 25 लाख रुपए लाने को तैयार नहीं हुई तब उसके पति ने 21 सितंबर को 2025 को कहा कि आज भिलाई में मेरी परीक्षा है मैं तुझे दुर्ग में छोड़ दूंगा परीक्षा खत्म होने के बाद तुझे मायके से लेते हुए घर आ जाऊंगा। यह कहकर वह मायके में घर के बाहर छोड़कर कहा कि वह परीक्षा देने केंद्र में जा रहा है लौट के आने के बाद वह उसे अपने घर लेकर जाएगा। उसके बाद से पति कभी वापस नहीं आया। काफी दिनों तक इंतजार करने के बाद परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।