दुर्ग। पोटिया चौक निवासी गायत्री जांगड़े का गला दबाकर,सिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर देने वाले आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदेही के साथ मृतका आखिरी बार नजर आई थी। पुलिस अंधे कत्ल को सुलझाने में लगी हुई है।
शनिवार की सुबह दमोदा टेमरी गांव थाना पुलगांव के पास 40 वर्षीय गायत्री जांगड़े का शव मिला था ।हत्या की संभावना को देख पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। शुरू में मृतका की पहचान करने में ही पुलिस को समय लग गया था। जब मृतका की शिनाख्ती हुई उसके बाद से पुलिस मामले में आरोपी की तलाश में जुट गई थी। घटनास्थल पर स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल पहुंचकर स्थिति पर नजर रखे हुए थे।
जानकारी के मुताबिक महिला गायत्री महाराजा चौक स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में काम करती थी। उसका पूरा परिवार भिलाई तीन चरौदा में रहता था। वह पोटिया चौक पर किराए का मकान लेकर रहती थी। इस मामले में कथित आरोपी के साथ मृतका को आखिरी बार देखा गया था। पुलिस को मृतका गंगोत्री जांगड़े के भतीजे ने बताया कि गायत्री ने शुक्रवार की रात को फोन कर उसे बताया था कि वह संदेही के साथ होटल में खाना खाने जाएगी।
जानकारी के मुताबिक पुलिस फरार हुए संदेही की खोज में लगी हुई है। पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतका के साथ मिलकर कुछ लोग नौकरी लगाने का काम करते थे और कई लोगों को नौकरी लगा देने के झांसे में ले रखा था।

कुछ संदेहियों से की जा रही है पूछताछ-विजय अग्रवाल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने बताया कि कुछ संदेहियों को पकड़कर उनसे पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे के आधार पर भी संदेहियों की पहचान की जा रही है। अलग-अलग टीम लगाकर जांच को दिशा दी जा रही है। जल्द ही हत्या के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।