मंत्री यादव हत्याकांड के दो आरोपी पकड़ाये, दो की तलाश जारी

दुर्ग। मंत्री यादव हत्याकांड मामले में पुलिस की टीम दो आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों अक्षत दुबे, अमिताभ दुबे उर्फ चंदू, शुभम शर्मा पंडित एवं वंश राजपूत के खिलाफ धारा 120 बी, 302, 341, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है। नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग चिराग जैन ने बताया कि आरोपी अक्षत दुबे और वंश राजपूत को पकड़ लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगी हुई है।
उल्लेखनीय है कि बस स्टैंड पर साइकिल स्टैंड का ठेका लेने वाला ठेकेदार मंत्री यादव 21 मई की रात लगभग 7:30 बजे अपने साथी बहराम यादव के साथ शराब पीने के लिए नयापारा देसी शराब दुकान गया हुआ था। वापसी में वह रात लगभग 8:15 बजे गंजपारा नाका चौक के पास पहुंचा, इस दौरान योजनाबद्ध तरीके से अजय दुबे का भतीजा आरोपी अक्षत दुबे, अमिताभ दुबे, शुभम शर्मा पंडित, वंश राजपूत दो मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां पहुंचे और मंत्री यादव को घेर लिया। इसके बाद चारों ने गाली गलौज करते हुए पहले हाथ मुक्के से मारपीट की। इसके बाद धारदार चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल मंत्री यादव को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद ही मौके पर पुलिस के आला अधिकारी, एसीसीयू की टीम पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपी को पकड़ लिया है । अन्य की तलाश में टीम लगाई गई है। जानकारी के मुताबिक पूर्व पार्षद अजय दुबे के साथ मंत्री यादव की दुश्मनी चल रही थी। इस दुश्मनी का बदला लेने की नीयत से अजय दुबे के भतीजे अक्षत दुबे ने यह योजना बनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *