दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज वार्ड क्रमांक 9 के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1, शिक्षक नगर कायस्थ बाड़ी में आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं, बच्चों एवं मोहल्लेवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह में रंगोली प्रतियोगिता, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता तथा बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती मधु राजपूत, श्रीमती वर्षा बिसेन एवं श्रीमती दिनेश्वरी तुरकर उपस्थित रहीं। इसके अलावा एएनएम श्रीमती नीरजा साहू, श्री कमलेश बेकर, श्री अमित पटेल एवं श्रीमती माया यादव सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र से समुदाय की भागीदारी बढ़ाने तथा बच्चों, महिलाओं और परिवारों के बीच स्वास्थ्य, पोषण एवं जागरूकता को मजबूत करना रहा।