दुर्ग। वैशाली नगर पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और अवैध हथियार रखने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 97 हजार 650 रुपये नगद, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कैम्प-01 भिलाई स्थित गौसिया मस्जिद के पास कार्रवाई की गई। जांच के दौरान अन्य लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के रूप में किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री को जब्त कर वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को बिना वैध लाइसेंस के हथियार भी मिले। जब्ती में एक एयरगन, बड़ी और छोटी तलवार समेत कुल 11 धारदार हथियार शामिल हैं। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिम्मी उर्फ आलोक उर्फ आलू (26), झरनजीत कौर उर्फ पूजा (23), रंजीता कौर (45) और सिमरन कौर (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनमें से एक आरोपी घोषित गुंडा-बदमाश भी है।
दोनों प्रकरणों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में बैंक खातों के इस्तेमाल और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
