दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग दुर्ग द्वारा सेवा संकल्प योजना के तहत वार्ड क्रमांक 10, शंकर नगर नौखोरिया बस्ती में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, एएनएम एवं मितानिन की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में पार्षद खालिद रिजवी शेरू, महिला मोर्चा अध्यक्ष दिनेश्वरी पुरकर, पार्षद चंद्रशेखर चंद्राकर (वार्ड-10), अजीत वैद्य (वार्ड-12), ज्योति चौहान, छाया सोनी, बब्बीता चौधरी, जाकिर खोखर, वसीम कुरैशी एवं लक्ष्मता कुशरे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। वहीं एएनएम श्रीमती पुष्पा धनकर और मितानिन कविता यादव ने भी सहभागिता की।

सेवा संकल्प योजना के अंतर्गत बलून रेस, मेहंदी और रंगोली जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में स्वस्थ शिशुओं का चयन कर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में 2 स्वस्थ शिशु, 2 गोदभराई महिलाएं, 2 अन्नप्राशन, 10 किशोरियां और 29 अन्य महिलाओं सहित हितग्राहियों ने सहभागिता की। इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले हितग्राहियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
