दुर्ग। इलाज करने के लिए सेक्टर 9 अस्पताल जा रही महिला के साथ दो आरोपियों ने उसे बहला फुसला कर धोखाधड़ी की। आरोपियों ने अपने झांसे में लेकर महिला के हाथ में पहनी हुई एक जोड़ी सोने की चूड़ी रुमाल में लपेटी और महिला को कांच की चूड़ियां थमा दी। पीड़िता शोभा देवी राय निवासी सड़क नंबर एक वार्ड नंबर 59 द्वारा की गई धोखाधड़ी की शिकायत के बाद पुलिस धारा 3(5),318(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया 28 सितंबर को अपना इलाज करने के लिए सेक्टर 9 अस्पताल ऑटो से जा रही थी। वह अपने घर से निकल कर साइंस कॉलेज के सामने चौपाटी के पास ऑटो से उतरी। उसे ऑटो बदलकर सेक्टर 9 जाना था। साइंस कॉलेज के पास दो लोगों से जबरदस्ती अपने साथ काले रंग की ऑटो में बैठाकर बहला फुसलाकर और प्रलोभन देते हुए धोखाधड़ी पूर्वक बस स्टैंड हनुमान मंदिर दुर्ग दोपहर 3:00 बजे के आसपास लेकर गए। इसके बाद हाथ में पहने हुए एक जोड़ी सोने की चूड़ियां जिसका वजन लगभग 28 ग्राम था को देखकर आरोपियों ने कहा कि पुरानी चूड़ी को बदलकर नई चूड़ी दे दिया जाएगा और साथ में अतिरिक्त रकम भी दी जाएगी। उनकी बातों में आकर महिला ने अपने हाथ की चूड़ी उतार कर सफेद रुमाल में बांध दी। इसके बाद आरोपियों ने काले रंग के कपड़े में चूड़ी एवं नोट की गड्डी जैसे बंडल को बांध कर महिला के झूले में डाल दिया और कहा कि इसे 1 घंटे बाद शिवजी का नाम लेकर खोलना आपको चार चूड़ी और पैसा मिलेगा। इसके बाद सभी लोग वहां से चले गए 1 घंटे बाद जब महिला ने झोला खोलकर रुमाल निकाल कर देखा तो उसमें कागज का बंडल और कांच की चूड़ियां थी।