पाटन। गृहमंत्री विजय शर्मा के पाटन क्षेत्र के सोनपुर दौरे से एक दिन पहले पाटन में 22 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। शराब दुकान के सामने युवक से करीब आधे घंटे तक मारपीट किए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम फुंडा निवासी रुपेश वर्मा पाटन स्थित शराब दुकान के आहता में काम करता था। बुधवार को उसका एक युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान की साइड में स्थित नर्सरी की ओर ले गया, जहां उसके साथ करीब आधे घंटे तक मारपीट की गई। मारपीट में रुपेश के सिर, सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रुपेश को पाटन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध युवक पुलिस हिरासत में
पुलिस के मुताबिक मारपीट के मामले में ग्राम चिचा निवासी एक युवक पर संदेह है। 112 की टीम संदिग्ध युवक को पाटन थाने लेकर पहुंची है। स्थानीय लोगों ने युवक के नशे में होने की बात कही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की वजह, मारपीट में अन्य लोगों की भूमिका और युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। जांच के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।