.दुर्ग। मोहन नगर थाना अंतर्गत बाम्बे आवास ब्लॉक नंबर 6 में एक बालक ने अपने घर में मंगलवार की देर शाम को फांसी लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतार कर जिला अस्पताल के मर्चुरी में भिजवाया और जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि बाम्बे आवास उरला निवासी 12 वर्षीय किंग साहू पिता मंगल साहू ने अपने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना को लेकर परिवार वाले सदमे में है और वह इसका कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि किंग साहू उरला स्कूल में कक्षा छठवीं की पढ़ाई कर रहा था। उसके पास कोई सुसाइडल नोट भी नहीं मिला है। पुलिस परिवार वालों ,मृतक के साथियों स्कूल के शिक्षकों से पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व ही मोहन नगर थाना अंतर्गत उरला निवासी 16 वर्षीय बालक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। 16 वर्षीय पुष्कर चौधरी पिता शिवा चौधरी मालवीय नगर स्थित सरस्वती विद्यापीठ में कक्षा 12वीं का छात्र था। घटना के समय वह घर में अकेला था। मां काम पर चली गई थी, बहन ट्यूशन गई थी। उसके पिता अपने कपड़े प्रेस की दुकान पर चले गए थे। जब परिवार वाले वापस आए तो देखा कि पुष्कर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उस मृतक के पास भी किसी तरह का सुसाइडल नोट पुलिस को नहीं मिला था।