आरोपियों ने मारपीट कर मोबाइल व पर्स लूटा, आरोपीगण गिरफ्तार

दुर्ग। बस का दरवाजा कार को टकराने की बात को लेकर हुए विवाद में चार आरोपियों ने प्रार्थी एवं उसके दोस्त के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपीगण दो मोबाइल एवं रकम लूट कर फरार हो गए। नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर से की गई शिकायत के बाद पदमनाभपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296 ,3(5),309(6), 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। प्रार्थी ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पद्मनाभपुर थाना पहुंचकर जानकारी दी थी परंतु पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था। इसके बाद उसने सीएसपी दुर्ग के पास पहुंचकर शिकायत की थी।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी सूरज साहू माजदा शोरूम जेवरा सिरसा में मैकेनिक का काम करता है। 17 अगस्त की रात को उसके जीजा मिथलेश साहू निवासी अमलेश्वर का जन्मदिन था। रात में जन्मदिन मना कर प्रार्थी सूरज साहू, रवि साहू, राहुल साहू और राजा कार सीजी 11 ए एन 2387 से अमलेश्वर से बस स्टैंड दुर्ग 18 अगस्त की सुबह पहुंचे थे और कार में बैठे हुए थे। तभी अरबानिया बस सीजी 07 सी वाई 9600 कार की बगल में आकर रुकी और उसमे बैठा एक युवक दरवाजा जोर से खोलकर बस से उतरने लगा।इस पर दरवाजा कार से जा टकराया। तब रवि ने कहा कि देख कर दरवाजा खोलो कार में लगा है। इस पर बस से उतर रहे आरोपी महेश ने अपने दोस्तों पूरन, कोमल, योगेश्वर को बुला लिया। सभी लोग बस से नीचे उतरे और रवि के साथ मारपीट करने लगे। जब रवि का बीच बचाव किया गया तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए सभी के साथ मारपीट की। आरोपी पूरन अपने पास कटर रखा हुआ था और कटर दिखाकर जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी का सैमसंग का मोबाइल तथा रवि का आईक्यू कंपनी का मोबाइल लूट लिए। इसके बाद आरोपी कार के सामने एवं पीछे का ग्लास एवं साइड की एक खिड़की के कांच को तोड़ दिया और कार के डेस बोर्ड में रखा 5000 रुपए जबरन लेकर सभी आरोपी बस में बैठे और वहां से फरार हो गए। इस मारपीट में रवि साहू के हाथ पैर सिर, राजा उर्फ राजकुमार के नाक सिर में चोटे आई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों कोमल निषाद पिता जगदीश निषाद 32 वर्ष निवासी कुंदरा पारा, पुरन निषाद पिता पुनीत राम 19 वर्ष निवासी कुंदरा पारा एवं दो नाबालिग को गिरफ्तार कर पूछताछ में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *