कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, शोरूम कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये चोरी करने वाले सुनियोजित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 1.57 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई दो पल्सर बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। शेष राशि की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी अपनी कार में 4.90 लाख रुपये से भरा बैग लेकर पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम पहुंचे थे। कुछ देर बाद लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला और बैग गायब था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और पुलगांव थाना की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया उत्सव होंडा शोरूम में कर्मचारी है। उसने अपने साथियों और सहकर्मी सपना राजपूत की मदद से प्रार्थी की गतिविधियों की पहले से रेकी की थी। आरोपियों को जानकारी थी कि प्रार्थी अक्सर बड़ी रकम लेकर आता है। इसी योजना के तहत कार का शीशा तोड़कर नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में भुवनेश्वर डहरिया, संजय साहू, जितेंद्र कुमार साहू, सपना राजपूत और संतोष जोशी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *