दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र में ग्राम तुमाकला के सरपंच पति प्रकाश कश्यप (35) की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार देर रात भिलाई से गांव लौटते समय करहीडीह और चिखली चौक के बीच बाइक सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को रोककर लूटपाट की। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रकाश कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात में उनके साथी भूषण पटेल भी घायल हुए। बदमाश मोबाइल और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल भूषण पटेल ने मीडिया के सामने पूरी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने अचानक हमला किया और विरोध करने पर चाकू से वार कर दिया। उनके बयान के आधार पर पुलिस कई अहम बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मामले को लेकर कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष राकेश सिंह ठाकुर ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर पहले भी आपराधिक गतिविधियों के वीडियो पुलिस को दिए गए थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए पुलिस प्रशासन और सरकार पर निशाना साधा।
वहीं, दुर्ग CSP हर्षित मेहर ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है और घटनास्थल सहित आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं।
फिलहाल इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
