.
दुर्ग। मानस भवन के सामने उमरपोटी मार्ग पर अशोक लीलैंड कंपनी के छोटा हाथी वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उतई पुलिस ने आरोपी छोटा हाथी चालक के खिलाफ धारा 184, 106(1), 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उतई थाना प्रभारी मोहनलाल भारद्वाज ने बताया कि आरोपी धरमपाल साहू निवासी ग्राम खोपली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल दाखिला किया गया है। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल होंडा एसपी शाइन सीजी 07 सी एस 4531 से केशव राम देशमुख 39 वर्ष पिता दौलत राम निवासी ग्राम सकरौद जिला बालोद तथा भागवत सूर्यवंशी 37 वर्ष पिता चंद्रहास सूर्यवंशी निवासी नवागांव जिला बालोद एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उमरपोटी से मरोदा की ओर जा रहे थे। मानस भवन के सामने जब वह उमरपोटी रोड पर पहुंचे उसी समय अशोक लीलैंड कंपनी का छोटा हाथी वाहन सीजी 07 डी सी 1021 के चालक ने तेज एवं खतरनाक ढंग से लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल में सवार केशवराम देशमुख एवं भागवत सूर्यवंशी को गंभीर चोटे आई। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर उतई पुलिस पहुंचकर शव का पंचनामा कर पीएम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।