चोरी करने वाले एवं माल खरीदने वाली महिला गिरफ्तार

दुर्ग। घर में चोरी करने वाले तीन आरोपी एवं चोरी का माल खरीदने वाली एक आरोपिया को पाटन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के जेवर एवं नगदी सहित कुल 1 लाख 43 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। एसीसीयु दुर्ग एवं थाना पाटन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से अज्ञात आरोपियों ने सोने चांदी के जेवरात की चोरी की है। शिकायत के बाद पुलिस की टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी। साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर 19 जून को संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों मानुष टंडन निवासी सतनामी पारा ग्राम तर्री घाट थाना पाटन, अजित बंधेल सतनामी पारा ग्राम सावनी, खिलेश्वर पटेल निवासी पटेल पारा ग्राम सावनी ने चोरी करना स्वीकार किया और जेवर रायपुर निवासी महिला सिल्की देवांगन निवासी चंगोरा भाटा थाना राजेंद्र नगर जिला रायपुर को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों एवं खरीददार महिला के कब्जे से एक सोने का गुलबंद, एक जोड़ी सोने की इयररिंग, रकम 10000 रुपए जब्त किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *