दुर्ग। लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी की महामंत्री निकिता मिलिंद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य पर सीधा प्रहार हैं।
निकिता मिलिंद ने कहा कि आज मेहनत करने वाले छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बार-बार परीक्षाओं की गोपनीयता भंग होने से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था और सरकार पर से भरोसा उठता जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक युवा इस अव्यवस्था और लापरवाही का शिकार होते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि हर बार पेपर लीक होने के बाद केवल जांच की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। सरकार को दोषियों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और ऐसी मजबूत व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल न उठे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश का युवा अब जवाब मांग रहा है। उनकी मेहनत, समय और परिवारों की उम्मीदों की कीमत सरकार को समझनी होगी। युवाओं का भरोसा बहाल करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह विफल नजर आ रही है।
हाल के महीनों में देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार से जवाबदेही तय करने, निष्पक्ष जांच कराने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाती रही है।