रात के अंधेरे में भटक रही थी 12 साल की मासूम, डायल 112 बनी सहारा… परिवार से मिलते ही छलक पड़े आंसू

दुर्ग। रात करीब 11:25 बजे मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। गया नगर तालाब के पास नीरज पब्लिक स्कूल के समीप एक 12 वर्षीय बच्ची अकेली और लावारिस हालत में भटकती हुई मिली। मासूम डरी-सहमी हालत में इधर-उधर खड़ी थी।

सूचना मिलते ही डायल 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बच्ची ने अपना नाम मेघा साहू बताया और कहा कि उसके पिता बिलासपुर में कंपनी में काम करते हैं तथा वह अपने मामा नरेश साहू के घर ग्राम खपरी, चौकी जेवरा सिरसा जाना चाहती है।

डायल 112 की टीम ने बच्ची को सुरक्षित अपने साथ बैठाया और देर रात ही उसके मामा के घर पहुंचाकर परिवार की मौजूदगी में सकुशल सुपुर्द किया। बच्ची को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं।

इस मानवीय कार्य में आरक्षक राजेश्वर साहू एवं चालक मनीष निर्मलकर की संवेदनशीलता और तत्परता ने एक मासूम को सुरक्षित अपनों तक पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *