पुरई/दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना “सुशासन तिहार-2026” के अंतर्गत ग्राम पुरई में आयोजित समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई रस्म का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) श्री ललित चन्द्राकर ने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री चन्द्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मातृ शक्ति के सम्मान और पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि गोद भराई रस्म भारतीय संस्कृति की एक सुंदर परंपरा है, जो गर्भवती माता और आने वाले शिशु के स्वस्थ जीवन की कामना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सुपोषण टोकरी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक पोषण उपलब्ध हो सके। स्वस्थ माँ ही स्वस्थ शिशु को जन्म देती है और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण की आधारशिला है।
सुपोषण टोकरी में शामिल रहे पौष्टिक सामग्री
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदान की गई सुपोषण टोकरी में भुना चना, मूंगफली, गुड़, सोयाबड़ी, दालें, सूखे मेवे, हरी सब्जियां तथा आयरन-फोलिक एसिड की दवाइयां शामिल थीं। विधायक श्री चन्द्राकर ने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने एवं आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेने की अपील भी की।
गोद भराई रस्म से खिले चेहरे
गोद भराई की रस्म के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ महिलाओं की गोद भरकर उन्हें तिलक लगाया गया तथा नारियल, चुनरी और पोषण सामग्री भेंट की गई। सुपोषण टोकरी प्राप्त कर गर्भवती महिलाओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया। लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं विधायक श्री ललित चन्द्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दुर्ग जिला कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, एसडीएम श्री हरवंश मीरी, जनपद पंचायत सीईओ श्री रूपेश पाण्डे, उतई भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री शीतला ठाकुर, महामंत्री श्री चंदू देवांगन, श्री प्रवीण यदु, जिला पंचायत सभापति श्रीमती श्रद्धा साहू, जनपद सदस्य श्री अजीत चंद्राकर, सरपंच श्री डोमार साहू, सोसाइटी अध्यक्ष श्री फलेंद्र सिंह राजपूत, श्री फत्ते लाल वर्मा, श्री कमलेश साहू, श्रीमती पूजा चंद्राकर, श्रीमती लक्ष्मी साहू, श्री ललित बारले, श्री खुमान निषाद, श्री जितेन्द्र सोनी, श्री करण सेन सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, स्वास्थ्य विभाग की मितानिनें तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं लाभार्थी महिलाएं उपस्थित थे.
