दुर्ग। कंपनी में काम करने के बाद अपने घर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे युवक को अन्य मोटरसाइकिल चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। युवक को गंभीर चोटे आई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। घायल के पिता की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दिनेश बरहरे निवासी ग्राम सेलुद थाना उतई कृषि का कार्य करता है। 26 फरवरी को उसका पुत्र सौरम बरहरे अपनी मोटरसाइकिल सीजी 07सी वाई 6442 को चलाते हुए अपनी कंपनी वाशी इंटीग्रेटेड सॉल्यूशन लिमिटेड में कार्य कर घर वापस आ रहा था। पतोरा गांव के पास सरकारी स्कूल के सामने ही पीछे से आ रही मोटरसाइकिल सीजी 04 एन ई 9647 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सौरम की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे सौरम के दोनों पैर की हड्डियां टूट गई। घायल को तुरंत जे एन एम एंड रिसर्च सेंटर भिलाई ले गए। वहां से श्री बालाजी अस्पताल रायपुर में ले जाकर भर्ती किया गया जहां उसका कई बार ऑपरेशन हुआ। सौरम के बाएं पैर को घुटने के नीचे से काटना पड़ा। 26 फरवरी से 27 अप्रैल तक बालाजी अस्पताल रायपुर में भर्ती के दौरान अत्यधिक चोट लगने से वह ठीक से बात भी नहीं कर पा रहा था। परिवार वाले 27 अप्रैल को इलाज करने के बाद छुट्टी करवा कर घर से ही आना जाना कर उसका इलाज करवा रहे हैं। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।