दुर्ग। दो मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में युवक घायल हो गया, उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है। घायल के पिता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी भीखम लाल साहू ग्राम नागलदाह जिला राजनांदगांव निवासी है। उसका बेटा 14 मई की शाम को अपनी मौसी के घर केलाबाड़ी दुर्ग से अपने घर ग्राम नागलदाह जिला राजनांदगांव मोटरसाइकिल सी जी 07 ए वाई 7127 से जा रहा था। उसी समय गंजपारा शिवनाथ नदी रोड महावीर बिजनेस पार्क के सामने मोटरसाइकिल सीजी 10 बी यु 4464 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए योगेश कुमार साहू को टक्कर मार दिया था, इससे योगेश को सिर, चेहरे आदि में गंभीर चोटे आई और उसका खून बहने लगा था। घायल योगेश घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया था। उसे लोगों ने तुरंत महिमा अस्पताल ले जाकर भर्ती किया जिसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।