चोरी करने वाले अंतर जिला गिरोह को पुलिस ने पकड़ा

दुर्ग। सुने मकान में चोरी करने वाले अंतर जिला गिरोह को पकड़ने में जामुल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने छह आरोपी एवं एक विधि से विरुद्ध बालक को पकड़ा है। आरोपीगण थाना जामुल क्षेत्र में सुने आवास में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपए के चोरी किए गए सोने चांदी के जेवरात, नगदी रकम एवं घरेलू सामान बरामद किया है वहीं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा, दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त औजार एवं चोरी के पैसों से खरीदे गए मोबाइल को भी जब्त किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि जामुल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सूने मकान में चोरी की घटना को आरोपियों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थिया सिम्मी अहिरवार निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल की रात को उसके सुने आवास का दरवाजा तोड़कर आरोपियों ने अलमारी में रखे चांदी के सामान एवं नगदी रकम की चोरी कर लिए। इसी प्रकार प्रार्थी देव सिंह थापा निवासी हाउसिंग बोर्ड ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार सहित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। 24 से 28 अप्रैल के बीच अज्ञात आरोपी ने सुने आवास का ताला व अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने चांदी के जेवरात, नगदी रकम, घरेलू सामान की चोरी कर लिया था। श्री राठौर ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपियों की तलाश में लगा दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविंदर उर्फ सरदार को पकड़ा है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा निवासी वैशाली नगर, सोनू सरदार निवासी जवाहर नगर बाम्बे आवास वैशाली नगर, तोप सिंह बंजारे जवाहर नगर मुंबई आवास वैशाली नगर, शेख रशीद शारदा पारा कैंप दो, हेमा जांगड़े थाना नवागढ़ जिला बेमेतरा, रुबी कौर निवासी हाउसिंग बोर्ड जवाहर नगर एवं एक विधि से विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने की अंगूठी, सोने का हार, सोने का लॉकेट, बाली, चांदी का पायल चांदी की बिछिया ,चांदी का कड़ा, चेन, चांदी का सिक्का, चांदी का लोटा, एलसीडी, वीवो कंपनी के दो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा आदि को जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *