दुर्ग । ग्राम कोनारी के पास गुरुवार की सुबह 9 बजे दुपहिया वाहन एक्सेल को माल वाहक बोलेरो पिकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। पिकअप बोलेरो वाहन की टक्कर से दो पहिया वाहन सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को तुरंत मृत घोषित कर दिया वहीं एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।
गुरुवार की सुबह बालोद सब्जी मार्केट से लोड होकर दुर्ग की ओर आ रही पिकअप बोलेरो वाहन सीजी 04 क्यु ई 1977 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक्सेल वाहन सीजी 24 वाई 1748 सवार प्यारेलाल साहू निवासी ग्राम चंदखुरी तथा बालोद निवासी गेंदलाल को टक्कर मार दिया। इसके बाद अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन आगे जाकर पलट गई। इससे एक्सेल वाहन सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटे आई। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया वहीं दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। वाहन चालक घटना के बाद फरार हो गया।