दुर्ग। वृद्ध महिला को अपनी बातों में उलझा कर उसके पास से सोने के जेवर लेकर उसे पुड़िया में प्लास्टिक की चूड़ियां देकर धोखाधड़ी करने वाले तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 3(5),318(4 )के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि 68 वर्षीय लक्ष्मी जैन नवकार हार्डवेयर मेन रोड डौंडी की रहने वाली है। 2 अप्रैल की दोपहर को 2:30 बजे वह हटरी बाजार मार्केट प्रदीप ग्रीन स्टोर के पास थी। उसी समय एक महिला और दो पुरुष आए। उन लोगों ने पीड़िता को दो नोट का बंडल दिखाए। इसके बाद बोला कि आप अपनी अंगूठी, मंगलसूत्र, चूड़ी दिखाओ। महिला ने अपने जेवर उसे दे दिए और आरोपियों ने जेवर को एक कपड़े में बांधकर वापस दे दिया और पीड़िता को ई रिक्शा में बैठा दिया। ई रिक्शा में बैठकर जब महिला ने कपड़ा खोलकर देखी तो उसमें प्लास्टिक की चूड़ियां थी। अज्ञात आरोपियों ने लक्ष्मी जैन के सोने का मंगलसूत्र, चूड़ियां, सोने की अंगूठी आदि लेकर धोखाधड़ी की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।