ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार घायल, अस्पताल में भर्ती

दुर्ग। रिश्तेदार के घर की शादी के लिए सामान खरीदने जा रहे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को ट्रक चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों को चोटे आई। मोटरसाइकिल में पीछे बैठे प्रार्थी के साले को अधिक चोट आने के कारण अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया। प्रार्थी की शिकायत पर नंदिनी पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया की प्रार्थी विष्णु राम साहू ग्राम सिलघट थाना बेरला जिला बेमेतरा का निवासी है और वह ड्राइवर का काम करता है। 10 मार्च को वह अपने रिश्तेदार की शादी में ग्राम पोटिया आया हुआ था। शादी के लिए कुछ सामान खरीदने ग्राम पोटिया के रहने वाले साले रमेश्वर साहू के साथ वह अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर क्रमांक सीजी 25 एम 4069 से ग्राम ननकट्टी गए हुए थे। मोटरसाइकिल को प्रार्थी चला रहा था। पीछे उसका साला रमेश्वर साहू बैठा हुआ था। ननकट्टी से सामान खरीद कर वापस ग्राम पोटिया जा रहे थे, उसी समय दुर्ग धमधा रोड से ग्राम पोटिया की ओर शाम लगभग 5:30 बजे ट्रक क्रमांक सीजी 08 एए 9313 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे प्रार्थी और रमेश्वर साहू मोटरसाइकिल से दूर जा गिरे। मोटरसाइकिल ट्रक की चपेट में आ गई। इससे प्रार्थी के हाथ, हथेली, घुटने आदि में चोटे आई वहीं पीछे बैठे रमेश्वर साहू के हाथ, जांघ, एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटे आई। रामेश्वर साहू को इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी लेकर गए, इसके बाद वहां से रिफर कर उसे एम्स अस्पताल रायपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *