धारदार वस्तु से वार, आरोपी की तलाश में भेजी जाएगी टीम

दुर्ग। राजनांदगांव से दुर्ग आकर खाना खाने भिलाई सुपेला जा रहे प्रार्थी की कार को रोक कर उस पर चाकू से हमला करने वाले मामले में फरार आरोपी को पदमनाभपुर पुलिस अब तक पकड़ नहीं पाई है। लगभग 16 दिन पूर्व हुई घटना के बाद से आरोपी फरार है। जानकारी के मुताबिक 22 फरवरी की रात को राजनांदगांव निवासी प्रार्थी अरशद खान अपने एक साथी के साथ कार सीजी 19 बी डी 8097 से राजनांदगांव से दुर्ग आया हुआ था। दुर्ग में वह खाना खाने होटल अल अज़ीज़ सुपेला जा रहा था। ठगड़ा बांध ब्रिज के ऊपर पहुंचा था उसी समय आरोपी कैफ कुरैशी निवासी केलाबाड़ी द्वारा पुरानी रंजिश की बात को लेकर उसकी कार को रोक दिया गया। इसके बाद आरोपी ने गाली गलौज करते हुए धारदार वस्तु से मारपीट की थी जिससे प्रार्थी को चोटे आई थी। इस संबंध में पदमनाभपुर थाना प्रभारी राजकुमार लहरे ने बताया कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। जानकारी मिल रही है कि आरोपी नागपुर में कहीं छुपकर रह रहा है। जल्द ही टीम भेजी जाएगी और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *