दुर्ग में महाशिवरात्रि की रात चाकूबाजी, पुरानी रंजिश में पड़ोसी पर जानलेवा हमला

दुर्ग। थाना पदमनाभपुर क्षेत्र में महाशिवरात्रि की रात पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पदमनाभपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रकाश यादव (36 वर्ष), निवासी बोरसी, सुभाष चौक दैहान के पास, वार्ड 51, थाना पदमनाभपुर, जिला दुर्ग, अपने पड़ोसी शिवनंदन मारकण्ड़े से दरवाजा खोलने की बात को लेकर पुरानी रंजिश रखता था। इसी विवाद को लेकर पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हो चुका था।

भंडारे के दौरान हुआ हमला

15 फरवरी 2026 की रात करीब 9:45 बजे प्रार्थिया श्रीमती सुमन मारकण्ड़े के घर के सामने महाशिवरात्रि का भंडारा कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम देखकर लौट रहे शिवनंदन मारकण्ड़े से आरोपी का फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर प्रकाश यादव ने हत्या की नीयत से शिवनंदन के पेट में धारदार चाकू से वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।

ऑनलाइन मंगाई गई थी चाकू
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को बोरसी क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ लिया। मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त ऑनलाइन मंगाई गई लोहे की धारदार चाकू बरामद कर जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर 16 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *