दुर्ग। थाना नेवई क्षेत्र में युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। घटना 15 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है, जब प्रार्थिया बैकुंठधाम मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थी।
इंदिरा चौक, स्टेशन मरोदा के पास गली में आरोपी ने रास्ता रोककर बातचीत का प्रयास किया। युवती के मना करने पर पूर्व परिचय और पुरानी प्रताड़ना से आक्रोशित होकर आरोपी ने गर्दन पर प्राणघातक वार कर दिया। बचाव के दौरान युवती के हाथ, गाल और पसली के पास चोटें आईं।
पीड़िता की शिकायत पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 109 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी योगेन्द्र कुमार यादव उर्फ छोटू (30 वर्ष) निवासी इंदिरा चौक स्टेशन मरोदा को 16 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जप्त कर लिया है।