फ़ीस की कमी से नहीं रुकेगा भविष्य,शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बने बच्चे की उम्मीद

दुर्ग। महर्षि दयानंद स्कूल में एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया, जहां 8 वर्षीय मासूम बच्चे ने अपनी पढ़ाई बचाने के लिए सेवा सदन मंत्री गजेंद्र यादव से गुहार लगाई। बच्चे ने मंत्री से कहा कि उसकी स्कूल फीस नहीं पट पाने के कारण स्कूल प्रबंधन ने उसे पढ़ाई से बाहर कर दिया है, जबकि वह पढ़ना चाहता है।
बच्चे की मां विजयी लक्ष्मी ने बताया कि उनके बेटे ओजश चक्रधारी ने घर आकर रोते हुए यह बात साझा की। बेटे की भविष्य की चिंता लेकर वह सेवा सदन मंत्री गजेंद्र यादव के पास पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री गजेंद्र यादव ने तत्काल संबंधित स्कूल प्रबंधन से फोन पर बात की और स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चे की फीस की पूरी जिम्मेदारी वे स्वयं उठाएंगे, लेकिन किसी भी हालत में बच्चे की पढ़ाई रोकी नहीं जानी चाहिए।
मंत्री की इस संवेदनशील पहल से न केवल बच्चे और उसके परिवार को राहत मिली, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी गया कि कोई भी बच्चा सिर्फ आर्थिक कारणों से पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *