गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर समाजसेवियों का सम्मान, सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने किया नागरिक अभिनंदन

दुर्ग। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के विभिन्न समाजों और संस्थाओं से जुड़े वरिष्ठ एवं सक्रिय समाजसेवियों का सम्मान समारोह अग्रसेन भवन, सेक्टर-06 के सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दुर्ग के लोकप्रिय सांसद आदरणीय श्री विजय बघेल एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष आदरणीय श्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने सम्मानित अतिथियों का नागरिक अभिनंदन किया।
इस अवसर पर 78 से 89 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 31 वरिष्ठ सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने जीवन का लंबा समय समाजसेवा, सामाजिक एकता और शहर के विकास में समर्पित किया है।
सम्मानित होने वालों में अग्रसेन जन कल्याण समिति, फ्रंटियर कल्चर एसोसिएशन, केरल समाजम दुर्ग-भिलाई, जामा मस्जिद ट्रस्ट, सिंधु ब्रादर मंडल, श्री नारायण गुरु धर्म सभा, श्री दिगंबर जैन खंडेलवाल समाज, पंजाबी भाईचारा भिलाई, गुजराती समाज, जैन मिलन भिलाई, भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स, कान्यकुब्ज चेतना समिति, माहेश्वरी समाज भिलाई सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिष्ठित सदस्य शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव आदरणीय श्री अजय भसीन, भिलाई चेंबर अध्यक्ष श्री गार्गी शंकर मिश्रा, बीएसपी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता श्री हिमांशु चौबे का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि “समाज की मजबूत नींव वरिष्ठजनों के अनुभव और सेवा भाव से बनती है।” वहीं श्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि “इन सम्मानित व्यक्तित्वों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
समारोह में भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स भिलाई के अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद जैन, महासचिव श्री दिनेश सिंघल, सलाहकार श्री रामकुमार गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सुरेश रतनानी सहित पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *