भक्ति नहीं, चोरी का इरादा… मंदिर चोर सलाखों के पीछे!

दुर्ग। भिलाई शहर के मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पकड़ने में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरोपियों ने सर्कुलर मार्केट कैंप-02 स्थित इच्छापूर्ति दुर्गा गणेश मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 9 जनवरी 2026 की शाम मंदिर के पुजारी भोला महाराज कुछ देर के लिए अपने कमरे में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मंदिर में घुसकर हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन तथा लड्डू गोपाल जी की पीतल की मूर्ति झूले सहित चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।
घटना की रिपोर्ट मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारा दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रीना द्विवेदी (48 वर्ष) निवासी इस्पात नगर, रिसाली तथा बालमुकुंद सोनी (65 वर्ष) निवासी इस्पात नगर, रिसाली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मंदिरों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *