गुंडा बदमाश डॉक्टर दुष्यंत पर जिला बदर की कार्रवाई

दुर्ग। गुंडा बदमाश डॉक्टर दुष्यंत खोसला को जिलाधीश दुर्ग के निर्देश पर एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया है। डॉक्टर दुष्यंत खोसला के विरुद्ध नंदिनी नगर में मारपीट, डराने धमकाने के कई मामले दर्ज है। आचरण में सुधार परिलक्षित नहीं होने पर दुर्ग पुलिस के प्रतिवेदन पर जिला बदर का आदेश पारित किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि डॉक्टर दुष्यंत खोसला द्वारा नंदनी नगर क्षेत्र अहिवारा में क्लीनिक खोलकर व्यवसाय की आड़ में लोगों को डराने धमकाने एवं मारपीट किए जाने, क्षेत्र के लोगों पर दहशत का माहौल कायम किए जाने का प्रयास किया गया था। डॉक्टर दुष्यंत के खिलाफ थाना नंदिनी में मारपीट करने, डराने धमकाने की रिपोर्ट पर 5 अपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए थे एवं गुंडा बदमाश की सूची में लाया गया था ताकि इस पर पूर्ण नियंत्रण कर अपराधी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके, परंतु सुधार परिलक्षित नहीं होने पर लगातार समाज विरोधी एवं अपराधिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों में दहशत का माहौल उत्पन्न किया जाता रहा। जिस पर दिए गए प्रतिवेदन के आधार पर जिलाधीश दुर्ग ने उक्त कार्रवाई की है। प्रावधानों के तहत जिला दुर्ग सरहदी जिला राजनांदगांव, रायपुर, धमतरी ,बालोद एवं कबीरधाम की सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किए जाने का आदेश पारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *