दुर्ग। ग्राम पंचायत द्वारा पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाने एवं सबमर्सिबल मोटर पंप लगाने के दौरान अज्ञात आरोपियों ने सबमर्सिबल मोटर पंप की चोरी कर ली थी। इस मामले में अंजोरा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी सहित एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है उनके पास से सबमर्सिबल पंप को बरामद किया गया है। प्रार्थी की शिकायत पर अंजोरा चौकी पुलिस अपराध दर्ज कर जांच में जुटी हुई थी। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी बालकिशन निषाद ग्राम रसमड़ा के वार्ड नंबर 15 का पंच है। ग्राम पंचायत के द्वारा पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन व सबमर्सिबल मोटर लगाने का कार्य हो रहा था, जिसे ईलका टैंक कंपनी द्वारा कार्य किया जा रहा था। कंपनी द्वारा काम पूर्ण कर लिया गया था। ग्राम रसमड़ा के पानी टंकी में लगाए गए सबमर्सिबल मोटर पंप को रविवार की शाम को लगा हुआ देखा गया था। सोमवार 29 दिसंबर की सुबह प्रार्थी जब वहां पहुंचा तो सबमर्सिबल मोटर पंप नहीं था। चोरी गए पंप की कीमत 45,000 रुपए आंकी गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुमेश निर्मलकर 19 वर्ष, निखिल रामटेके 19 वर्ष तथा एक अपचारी बालक तीनों निवासी ग्राम रसमड़ा शीतला पारा चौकी अंजोरा को गिरफ्तार किया है।