दुर्ग। अलग-अलग थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब बेचने एवं शराब पीने वालों पर कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि जानकारी मिली कि पटेल चौक के पास आम जगह पर कुछ लोग शराब पी रहे हैं, पुलिस को देख कुछ लोग भाग गए परंतु पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विकास रजक 26 वर्ष पिता ओंकार रजक निवासी कैलाश नगर धमधा नाका थाना मोहन नगर को पकड़ा। आरोपी ने शराब का पौव्वा, डिस्पोजल आदि को नाले में फेंक दिया था। पद्मनाभपुर क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रैंगल चौक के पास बोरसी में कुछ लोग शराब पीकर घूम रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी विवेक चौरे 25 वर्ष निवासी धमतरी वर्तमान पता स्कूल चौक बोरसी थाना पद्मनाभपुर को पकड़ा। उसकी जांच अल्कोहल टेस्ट एनालाइजर मशीन से की गई जिसमें आरोपी शराब के नशे में पाया गया। इसी तरह अंजोरा चौकी प्रभारी को सूचना मिली कि काली मंदिर रोड आम जगह में एक व्यक्ति खुलेआम शराब का सेवन कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मोरध्वज निषाद निवासी अंजोरा चौकी को पकड़ा। उसके पास से शराब एवं डिस्पोजल गिलास पानी पाउच आदि जब्त किया गया है। उतई पुलिस ने एक आरोपी को शराब बेचते हुए पकड़ा है। पुलिस को सूचना मिली कि सेलूद रोड मुक्तिधाम के पास ग्राम पतोरा में एक व्यक्ति लाल रंग का जैकेट पहना हुआ है और वह अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने आरोपी जयप्रकाश बंजारे 34 वर्ष निवासी मजार चौक सेलुद को पकड़ा। उसके पास से पिट्ठू बैग के अंदर 32 पौव्वा देसी मदिरा मसाला जब्त किया गया है।