दुर्ग। अफीम, डोडा चूरा को बेचने वाले बुजुर्ग आरोपी को अंजोरा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अफीम, डोडा चूरा तथा जीप को जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से दुर्ग पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवनाथ नदी ब्रिज के नीचे ग्राम महमरा कैफेटेरिया के पास जीप सीजी 07 जेड डी 9956 के चालक द्वारा अवैध रूप से मादक पदार्थ अफीम तथा डोडा चूरा को जीप में रखकर धन अर्जित करने के उद्देश्य से अवैध रूप से बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र सिंह 76 वर्ष निवासी ग्राम चिखली चौकी जेवरा सिरसा थाना पुलगांव को पकड़ा। वह वर्तमान में कादंबरी नगर सरस्वती स्कूल के पास थाना मोहन नगर में एक किराए के मकान में रह रहा था। अंजोरा चौकी प्रभारी खेलन सिंह साहू ने बताया कि आरोपी को उक्त मादक पदार्थ किसी अज्ञात लड़कों द्वारा हाईवे पर पहुंचाया जाता था जिसे चिल्लर में ट्रक चालकों को बिक्री की जाती थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।