दुर्ग। छठी कार्यक्रम में शामिल होने बेमेतरा जाना प्रार्थी को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर नगपुरा चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2), 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी डोमन देवांगन की चाय नाश्ते की दुकान नगपुरा चौक में है। वह दीपक देशमुख के यहां किराए के मकान में सह परिवार रहता है और बगल में भी दो किराएदार रहते हैं। 1 दिसंबर को वह सह परिवार छठी कार्यक्रम में शामिल होने बेमेतरा गया हुआ था। 3 दिसंबर को बाजू में ही रहने वाले किराएदार छाया पटेल ने मोबाइल के माध्यम से उन्हें सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। वापस आकर प्रार्थी ने देखा कि अज्ञात आरोपी ने दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद अलमारी के लॉकर को भी तोड़ दिया था। अलमारी के अंदर रखे सोने चांदी के गहने कान का सोने का आयरिंग एक जोड़ी, गले का सोने का गेहूं दाना वाला मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पायल, कान की बाली सोने की एक जोड़ी, तीन नाक की फुल्ली, सोने की अंगूठी एक, चांदी की बिछिया तीन जोड़ी, कपड़े एवं नगदी रकम की चोरी कर ली थी। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।