दुर्ग। शिवनाथ एक्सप्रेस में सवार होकर गोंदिया से रायपुर जा रही महिला का जेवरात रखे पर्स की शिवनाथ एक्सप्रेस से अज्ञात आरोपी ने चोरी कर ली। ट्रेन में सफर कर रही महिला को जब अपने सिर के नीचे रखे पर्स गायब होने की जानकारी मिली तब उन्होंने रायपुर स्टेशन पर उतरकर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है।शिकायत मिलते ही जीआरपी दुर्ग पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जीआरपी चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रार्थिया हिना पटेल द्वारा शिकायत दर्ज करने के बाद से ही राजनंदगांव, दुर्ग, भिलाई आदि के स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज कैमरा की जांच की जा रही है।अभी तक कोई ऐसा संदिग्ध नजर नहीं आया है। अपने पति के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली गई प्रार्थिया सोमवार को वापस लौट रही है, तब गोंदिया जाकर प्रार्थिया से विस्तार से पूछताछ की जाएगी। श्री सिंह ने बताया कि जेवर कितने के थे इसके बारे में सही आंकलन अभी नहीं लगाया जा सका है क्योंकि जेवर खरीदी की रसीद अभी पूरी प्राप्त नहीं हुई है। प्रार्थिया के आने के बाद ही सही आंकलन हो पाएगा। फिलहाल जीआरपी पुलिस अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इसके लिए अलग-अलग टीम बनाकर भी लगाई गई है।
उल्लेखनीय है कि गोंदिया निवासी दिनेश भाई पटेल अपनी पत्नी हिना पटेल के साथ रायपुर आने के लिए गोंदिया से रात 2:00 बजे शिवनाथ एक्सप्रेस की आरक्षित एसी बोगी में सवार हुए थे। डोंगरगढ़ स्टेशन तक हीना पटेल जाग रही थी। उसका पर्स सिरहाने रखा हुआ था जिसमें डायमंड व अन्य ज्वेलरी सहित कैश रखा हुआ था। ट्रेन जब दुर्ग पहुंची इस कारोबारी दंपति को चोरी की जानकारी हुई। पीड़िता ने अपने पति के साथ जीआरपी रायपुर मे शिकायत दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि अब रेलवे में और वह भी एसी बोगी में सफर करना सुरक्षित नहीं रहा है। अब तक सामान्य बोगी में चोरी करने वाले आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वह एसी कोच के भीतर घुसकर सामानों की चोरी कर रहे हैं। इससे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगता जा रहा है। यदि कोई यात्री वेटिंग टिकट लेने के बावजूद भी ट्रेन में सफर करता है तो कई बार टीटीई आकर उसकी टिकट की जांच करते हैं, परंतु बेधड़क ट्रेनों में घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर कोई अंकुश नहीं लगाया जा रहा है।