दुर्ग। धारदार वस्तु लहराकर परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। प्रार्थिया ऐशा मानिकपुरी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस में आरोपी संतोष आचारी के खिलाफ धारा 294, 307,323 ,506 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक शिव मंदिर के पीछे वार्ड नंबर 53 शिव पारा निवासी एशा मानिकपुरी पिता तपन मानिकपुरी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह बीएससी नर्सिंग की छात्रा है। 24 मई की शाम लगभग 6:00 बजे घर में वह, उसकी बहन टिकेश्वरी मानिकपुरी, बुआ की लड़की जानकी सोनी, दादाजी प्रकाश दास मानिकपुरी घर पर थे। उसी समय प्रार्थिया का फूफा संतोष आचारी नशे की हालत में घर पर आया और बोला कि कहां है तेरी बुआ और तेरा पापा कहां है।यह कहकर वह गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद संतोष आचारी ने अपने साथ लाए हुए धारदार वस्तु को लेकर सभी बहनों को मारने के लिए दौडा़। इस पर सभी बहने जान बचाने के लिए छत पर भागी तो आरोपी भी धारदार वस्तु लेकर छत पर आ गया। उससे बचने के लिए उसकी बुआ की लड़की जानकी सोनी पड़ोस की छत पर कूद गई। प्रार्थिया की बहन टिकेश्वरी को आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए छत से नीचे गिरा दिया। इससे टिकेश्वरी के सिर ,कमर, पैर में चोटें आई और उसे अस्पताल ले जाया गया।