दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम कोकड़ी नाला पुल पर तेज बहाव में मोटरसाइकिल सहित बह गए युवक को पुलिस और डायल 112 की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। युवक पानी के तेज बहाव में बहने के बाद एक पेड़ के सहारे फंस गया था। उसने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि 25 सितंबर को ग्राम पव्वारा निवासी लोकेश साहू अपनी मोटरसाइकिल से फवारा से खमरिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान कोकड़ी नाला पुल पर बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। युवक मोटरसाइकिल सहित पानी के तेज बहाव में बह गया। बहते पानी के बीच लोकेश किसी तरह एक पेड़ तक पहुंचा और उसके सहारे लटक कर अपनी जान बचाई। तेज बहाव के कारण काफी देर तक वहीं फंसा रहा। कंट्रोल रूम को अपनी स्थिति की जानकारी देकर मदद मांगी। सूचना मिलते ही उतई थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक दीपक कुमार, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक राजीव दुबे, दीपक जॉन तथा डायल 112 टीम मौके पर पहुंचे। परिस्थितियों के आंकलन करने के बाद सावधानी और सूझबूझ के साथ युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित निकाला गया। समय पर पुलिस सहायता मिलने से युवक की जान बच गई।