दुर्ग। शहर में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। शुक्रवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
बताया गया कि शंकर नाला उफान पर आने से वार्ड क्रमांक 9 के शंकर नगर-दुर्गा चौक, वार्ड क्रमांक 4, वार्ड 56 के रामनगर-उरला, वार्ड 15 एवं 16 के पटरी पार क्षेत्र के अलावा बोरसी-पोटिया की निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि नालियों और नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी तेजी से बस्तियों में पहुंचा, जिससे कुछ घरों में भी पानी घुस गया। मौके पर पहुंची कांग्रेस टीम ने जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से बातचीत की।
धीरज बाकलीवाल ने मौके से ही कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त से फोन पर चर्चा कर निचली बस्तियों से तत्काल जल निकासी कराने, पंप लगाकर पानी निकालने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

बाकलीवाल ने कहा कि नाला-नालियों की सफाई समय रहते नहीं होने का खामियाजा अब शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा पूर्व में भी प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की जाती रही है।
इस दौरान पूर्व पार्षद विजेंद्र भारद्वाज, परमेश्वर वैष्णव, पश्चिम ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार, आयुष शर्मा, हिमांशु शर्मा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
