दुर्ग। किशोरी को बात करने के बहाने सूर्या मॉल के पास ले जाकर छेड़छाड़ करते हुए मारपीट करने एवं उसके हाथ को धारदार हथियार से चोट पहुंचाने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि पंचशील नगर निवासी लोकेश निर्मलकर 24 वर्ष की जान पहचान 16 वर्षीय किशोरी के साथ थी। दोनों के बीच नजदीकी संबंध भी थे। पिछले कुछ दिन से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। एक दिन पूर्व आरोपी ने किशोरी से जरूरी बात करना है कहकर सूर्या मॉल के पास बुलाया। इसके बाद उसके साथ गाली गलौज, मारपीट करते हुए छेड़छाड़ की और उसे चोट पहुंचाई। किसी तरह थाना पहुंचकर किशोरी ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी लोकेश निर्मलकर के खिलाफ धारा 324, 354, 365,366, 506, पास्को एक्ट की धारा 8, 12 के तहत अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।