तीन घरों का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने सोने चांदी के सामानों की चोरी,,मामला दर्ज

दुर्ग। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में तीन घरों का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने सोने चांदी के जेवरात सहित घर के अन्य सामानों की चोरी कर ली। पुलिस गश्त की कमी के चलते इस क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीनों ही प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में जुटी है।
मन्नम नगर, सुंदर नगर ,कदम प्लाजा के पास बोरसी निवासी जयकुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि सुंदर नगर बोरसी में उसके चाचा गातेश्वर साहू रहते हैं जो कि विद्युत विभाग गुजरात में सर्विस करते हैं। प्रार्थी की चाची ज्योति साहू अपने दोनों बच्चों के साथ बोरसी में निवासरत है। 7 मई की 11 बजे उसकी चाची अपने बच्चों को लेकर घर में ताला लगाकर अपने पति गातेश्वर प्रसाद साहू के पास गुजरात गई हुई थी। 15 मई की शाम को उनके पड़ोसी ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। उनके घर चोरी हो गई है। जब प्रार्थी की चाची ने प्रार्थी को फोन पर सूचना दी तब प्रार्थी जय कुमार उनके घर गया तो देखा घर के सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। बच्चों के कमरे की अलमारी से 15000 रुपए गायब थे। घर का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी का भी ताला टूटा हुआ था, जिसमें रखे लगभग 20000 रुपए नहीं थे। कसारीडीह निवासी शिव दास कातुलकर ने शिकायत दर्ज कराई की वह सिविल कोर्ट दुर्ग में लीडर के पद पर कार्यरत था जो वर्तमान में रिटायर हो चुका है। 6 मई की रात वह अपने क्वार्टर में ताला लगाकर बैतूल गया हुआ था। 15 मई की सुबह 8:00 बजे उसके पड़ोसी ने फोन पर बताया कि घर के ताला एवं कुंडी टूटी हुई है। सूचना पाकर प्रार्थी 15 मई को अपने घर वापस आकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था। पूरा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखे 11000 रुपए नगद ,सोने की 2 ग्राम की अंगूठी, बच्चों के स्कूल के सर्टिफिकेट ,उनके स्वयं के दस्तावेज, मकान संबंधी दस्तावेज, लक्ष्मी पूजा का रखा हुआ 5000 रुपए, घर में रखे 1000 रुपए ,स्कूटी एक्टिवा वाहन, एलजी कंपनी का कंप्यूटर, वाशिंग मशीन, एटलस कंपनी की साइकिल, पानी भरने का टुल्लू पंप, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, बजाज कंपनी की मिक्सी, तांबे का लोटा, चावल का स्टील का ड्रम सहित अन्य सामान गायब थे। चोरी गए सामानों की कीमत लाखों रुपए आंकी गई है। इसी तरह पंचशील सेक्टर बी बोरसी निवासी आलोक सिंह ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि वह भिलाई में सैमसंग का सर्विस सेंटर चलाता है।9 मई की सुबह 5:00 बजे वह अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित एक कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर गया हुआ था। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने अलमारी के लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रख दो नग सोने के चैन लॉकेट सहित, एक नग सोने के कान का टॉप्स, एक नग सोने की अंगूठी ,चांदी की पायल, 5 नग चांदी की बिछिया, दो नग चांदी के सिक्के, छह नग चांदी का कड़ा सहित नगदी रकम 53,000 रुपए की चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख रुपए आंकी जा रही है।
बोरसी कॉलोनी सहित आसपास के कई कॉलोनी में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था लचर होती जा रही है। लोगों ने बताया कि कुछ महीने से बोरसी कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्र में पुलिस की गश्त नहीं हो रही है। पेट्रोलिंग टीम कभी इस क्षेत्र में नजर नहीं आती है, इसी का फायदा आपराधिक तत्व उठा रहे हैं। लोगों ने बताया कि पुलिस की लचर व्यवस्था के चलते क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का बोलबाला होता जा रहा है। बोरसी क्षेत्र में नशा करने के बाद बेखौफ घूमते हुए असामाजिक तत्व नजर आ रहे हैं। लोगों ने कहा कि अब घर में ताला लगाकर कहीं बाहर जाने मे डर लगने लगा है। लगातार चोरी के मामले होने से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *