पिकअप के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये बरामद, दो लोगों से पूछताछ

भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप से चार करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। वाहन के पिछले हिस्से में विशेष गुप्त चेंबर बनाकर नकदी छिपाई गई थी। मामले में वाहन सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे डबरापारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर जांच की गई। वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर बंद किया गया था। सघन तलाशी के दौरान उसमें गुप्त चेंबर मिला, जिसमें छिपाकर रखे गए चार करोड़ रुपये बरामद हुए।

वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से नकदी के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी के वित्तीय स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *