डाटा एंट्री, डाटा रिकवर एवं पेमेंट रिलीज के नाम पर 39,33,560 रुपए की धोखाधड़ीकरने वाले, दो आरोपियों

दुर्ग। ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डाटा एंट्री, डाटा रिकवर एवं पेमेंट रिलीज के नाम पर 39,33,560 रुपए की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। प्रार्थी की शिकायत के बाद आरोपियों के बैंक खातों एवं मोबाइल नंबरों से संबंधित तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तराखंड के हल्द्वानी जिला नैनीताल में आरोपियों का लोकेशन पता कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने हल्द्वानी से रामनिवास निवासी ग्राम मजहुवा, गंगापुर जिला बरेली उत्तर प्रदेश वर्तमान निवास थाना मुखानी हल्द्वानी उत्तराखंड एवं राहुल बिष्ट हिम्मतपुर भगवानपुर हल्द्वानी थाना मुखानी जिला नैनीताल को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
स्मृति नगर चौकी पुलिस ने बताया कि प्रार्थी राजेश कुमार चौरसिया निवासी नेहरू नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंडियामार्ट के माध्यम से मोबाइल नंबर के जरिए उन्होंने संपर्क स्थापित कर ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नोएडा उत्तर प्रदेश में डाटा एंट्री का कार्य दिलाने की बात कही थी। इसके बाद कंपनी के साथ एग्रीमेंट कर मेडिकल, स्टील कारोबार, कंस्ट्रक्शन तथा इंपोर्ट एक्सपोर्ट से संबंधित डाटा एंट्री का कार्य प्रारंभ कराया गया था। प्रार्थी के मुताबिक डाटा करप्ट होने की बात कहकर उसे ठीक करने के लिए विभिन्न सॉफ्टवेयर टूल्स खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में राशि जमा कराई गई थी। इस प्रकार प्रार्थी के बैंक खाते से 39,33,560 रुपए की राशि छल पूर्वक प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। आरोपियों के बैंक खाता एवं मोबाइल नंबर से संबंधित तकनीकी जानकारी प्राप्त कर पुलिस टीम ने हल्द्वानी जिला नैनीताल से आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम रवाना की थी। टीम ने लोकेशन का पता लगाकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *