दुर्ग। डांडिया कार्यक्रम देखकर मोटरसाइकिल से लौट रहे प्रार्थी की मोटरसाइकिल को कार चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल में बैठे प्रार्थी की पत्नी व बच्ची घायल हो गई और उन्हें अस्पताल ले जाकर इलाज करना पड़ा। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए ,281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।पुलिस ने बताया कि प्रार्थी नितेश चंद्राकर इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। 15 अक्टूबर को वह अपनी मोटरसाइकिल हीरो एचएफ डीलक्स सी जी 07 ए डब्ल्यू 9193 पर अपनी पत्नी दीपिका चंद्राकर एवं पुत्री प्रीति चंद्राकर को बैठाकर पंचवटी भवन नदी रोड डांडिया देखने गया हुआ था। डांडिया देखकर तीनों मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। शाम लगभग 7:30 बजे आपा पुरा श्यामबती जाने वाली गली के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रही कार सीजी 07 सी डब्ल्यू 7772 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे प्रार्थी, उसकी पत्नी व बच्ची मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए वहीं उसकी पत्नी व बच्ची को चोटे आई।उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था।