दुर्ग। तलाक के मामले को लेकर कुटुंब न्यायालय पहुंचे दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों की ही शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अभिषेक सिंह बिजनेसमैन है। उसका एवं उसकी पत्नी श्रीमती प्रीति चौधरी का तलाक का प्रकरण तृतीय अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय दुर्ग में चल रहा है। 6 अक्टूबर की दोपहर को 1:30 बजे पेशी पर प्रार्थी अभिषेक सिंह, उसकी मां पार्वती अहिरवार, पिता बालमुकुंद अहिरवार, भाई पुष्पेंद्र अहिरवार सभी न्यायालय में पेशी में आए हुए थे।
जब सभी बाहर निकल रहे थे तभी बंदू लाल चौधरी ने प्रार्थी के पापा के पास जाकर कहा कि तुम्हारा लड़का गाली गलौज कर रहा है, यह कहकर उन लोगों ने प्रार्थी के पिता को पकड़ लिए।इसके बाद बंदू चौधरी के साथ आए अजय चौधरी, प्रीति चौधरी एवं अजय चौधरी का दोस्त मोहम्मद असलम खान ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उसके पिता के साथ मारपीट की। जब प्रार्थी ने बोला कि ऐसी कोई बात है तो मजिस्ट्रेट मैडम से बात कर लो, तब भी लोग किसी की बात नहीं माने और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इससे प्रार्थी के हाथ पीठ, पिता व उसकी माता के पीठ एवं शरीर के अन्य हिस्सों तथा भाई को भी चोटे आई।
इसी तरह दूसरे पक्ष के प्रार्थी बंदू चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह खेती किसानी का काम करता है। उसकी पुत्री श्रीमती प्रीति चौधरी का तलाक का प्रकरण न्यायालय में चल रहा है। प्रार्थी,उसका पुत्र अजय चौधरी, पुत्री प्रीती चौधरी एवं दोस्त मोहम्मद असलम सभी न्यायालय पहुंचे थे।कक्ष के बाहर खड़े थे तभी अभिषेक सिंह उन्हें देखकर गाली गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद अभिषेक सिंह, बालमुकुंद अहिरवार, पुष्पेंद्र अहिरवार एवं पार्वती अहिरवार ने एक राय होकर प्रार्थी के साथ हाथ मुक्के से मारपीट की। जब प्रार्थी का पुत्र, पुत्री एवं दोस्त बीच बचाव करने आए तो उनके साथ भी सभी लोगों ने मारपीट की। इससे कुछ लोगों को चोटे आई। दोनों ही मामले में पुलिस ने धारा 296, 351(3),115( 2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।