दुर्ग के रानीतराई थाना क्षेत्र में सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी की शिकायत पर रानीतराई पुलिस ने अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम गाजियाबाद पहुंची, जहां इंदिरापुरम क्षेत्र से विश्वजीत मौर्य (29) को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों को सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर रकम ठगने की बात स्वीकार की। आरोपी को 6 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य संलिप्त लोगों और लेन-देन की जांच जारी है।