महिला मित्र से अभद्रता का विरोध, आरोपियों ने कर दी युवक की हत्या

दुर्ग । मोहन नगर थाना अंतर्गत हरी नगर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को आरोपियों ने विवाद के बाद एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी। अपनी महिला मित्र के साथ पीजी में रह रहे दोस्त से मिलने पहुंचे 25 वर्षीय युवक पर चाकू और हाथ मुक्के से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक महिला मित्र के साथ हुई अभद्रता और सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार कवर्धा के राम नगर निवासी चित्रेश सहारे पिता अशोक सहारे ( 25 वर्ष ) सिविल इंजीनियरिंग कर चुका था और वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था उसका भिलाई के रुंगटा कैंपस में एसबीआई का एग्जाम था जिसे देने के लिए वह दुर्ग आया था। सोमवार की रात वह अपनी महिला मित्र को लेकर हरी नगर स्थित हैरिटेज स्कूल के पीछे पीजी में रहने वाले अपने दोस्त रवि के कमरे में रुका हुआ था। इसी दौरान वहां रहने वाले संजय नगर राजनांदगांव के मूल निवासी राजकुमार यादव पिता हेमचंद यादव ( 23 वर्ष ) और वैभव मानकर पिता अशोक मानकर ( 23 वर्ष ) पहुंचे। आरोपियों ने चित्रेश से सिगरेट मांगी और उसकी महिला मित्र के साथ अभद्र व्यवहार किया। जब चित्रसेन ने इस बात का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राजकुमार यादव और वैभव मानकर ने आपा खो दिया और चित्रेश पर घूंसे व चाकू से हमला कर दिया। दोनों आरोपियों ने चित्रेश के पैर और जांघ पर चाकू से कईं वार किए, जिससे उसका अत्यधिक खून बह गया। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और लहुलूहान अवस्था में चित्रेश को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि आरोपी राजकुमार यादव और वैभव मानकर के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों आरोपियों को जेल दाखिला किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *