दुर्ग। शासकीय उचित मूल्य दुकान में कुल मात्रा से चावल, शक्कर एवं नमक की कमी पाई जाने पर दुकान संचालक पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है। खाद्य अधिकारी टेकेश्वर की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने संचालक मोहम्मद यासीन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 व 7 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई है कि शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच करने पर कुल मात्रा से दुकान में 994.12 क्विंटल चावल 2.05 क्विंटल शक्कर एवं 13.70 क्विंटल नमक कम पाया गया है। दुकान संचालक में अनियमितता पाए जाने पर जिला खाद्य कार्यालय दुर्ग में प्रकरण पंजीबद्ध कर भौतिक सत्यापन किया गया। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।