दुर्ग। हेरोइन तस्करी के प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को खुर्सी पार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पूर्व में 70.460 ग्राम हेरोइन, नगदी रकम, सोने चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित लगभग 29.22 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई थी।
पुलिस ने बताया कि 19 सितंबर को खुर्सी पार पुलिस को सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक 3 खुर्सी पार स्थित एक मकान में अवैध रूप से मादक पदार्थ हेरोइन का विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने विधिवत कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान 70.460 ग्राम हेरोइन, रकम, आभूषण आदि जब्त किए गए थे। विवेचना के दौरान प्रकरण में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए खुर्सी पार पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही थी 25 सितंबर को पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों सैमसंग प्रसाद उर्फ सल्लू निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जामुल,गुरमीत सिंह उर्फ लक्की निवासी खुर्सी पार तथा आशीष कुमार शाह निवासी शिवाजी नगर खुर्सी पार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों द्वारा मादक पदार्थ हेरोइन के अवैध कारोबार से जुड़े रहकर उसके विक्रय में संलिप्तता की बात स्वीकार की गई है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।