पुतला दहन के दौरान आरक्षक झुलसा, अज्ञात लोगों पर अपराध दर्ज

दुर्ग। सुपेला घड़ी चौक पर गुरुवार की शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमा झटकी हो गई। जलते पुतले की चपेट में आने से सुपेला थाने में पदस्थ आरक्षक की दाहिने हाथ की भुजा झुलस गई थी। आरक्षक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद आरक्षक की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने पुतला दहन में शामिल कांग्रेस के अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है।
उल्लेखनीय है कि यूपीआई पर टैक्स के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सुपेला घड़ी चौक पर कांग्रेसियों द्वारा धरना प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया गया था। यह प्रदर्शन यूपीआई पर टैक्स लागू करने के विरोध में था। इस दौरान पुतला दहन किया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपेला थाना और दुर्ग रक्षित केंद्र से पुलिस बल तैनात किया गया था। पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झूमा झटकी हुई जिससे जलते पुतले की चपेट में आने से आरक्षक की भुजा झुलस गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *