19 साल पुराने केस में बड़ी कार्रवाई: सऊदी अरब से लौटा आरोपी गिरफ्तार, RPF दुर्ग ने कोर्ट में किया पेश

दुर्ग। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) दुर्ग ने वारंट तामील अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 साल पुराने मामले में फरार आरोपी को सऊदी अरब से भारत लौटने के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2012 में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर द्वारा अपराध क्रमांक 11/2007, धारा 3(अ) रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम के तहत समीम खान, निवासी वीर नारायण नगर भिलाई, स्थायी पता निजामपुर, जिला सिवान (बिहार) के खिलाफ वारंट जारी किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में RPF दुर्ग की टीम ने आरोपी के स्थायी पते पर पहुंचकर पतासाजी की। परिवार से जानकारी मिली कि आरोपी वर्ष 2010 से सऊदी अरब में रहकर काम कर रहा था। इसके बाद RPF टीम ने परिजनों और आरोपी से लगातार संपर्क कर उसे भारत लौटकर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए समझाइश दी।

समझाइश के बाद आरोपी सऊदी अरब से भारत लौटा और RPF पोस्ट दुर्ग में उपस्थित हुआ। पूछताछ में उसने वारंट में दर्ज नाम-पता अपना होना स्वीकार किया। इसके बाद विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी को विशेष रेलवे न्यायालय, रायपुर के समक्ष पेश किया गया।

ओडिशा से भी 11 साल पुराने मामले का आरोपी गिरफ्तार

RPF दुर्ग ने 20 अगस्त 2026 को एक अन्य कार्रवाई में 11 साल पुराने रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में फरार आरोपी को केंदुझर, ओडिशा से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

RPF दुर्ग के अनुसार, वारंट तामील अभियान के तहत पिछले एक वर्ष में करीब 30 वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभियान के तहत लंबे समय से फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *